सिद्धार्थनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए मुख्य और दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम के बाद उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी, अंकों के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की सुविधा शुरू की है। जिन छात्रों को अपने अंकों को लेकर आपत्ति है वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। अंकों के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त निर्धारित की गई है।
सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 10वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल 2026 को और दूसरी बोर्ड परीक्षा का परिणाम 18 जुलाई 2026 को घोषित किया गया था। परिणाम जारी होने के बाद छात्रों को अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका देखने और अंकों की जांच कराने का अवसर दिया गया है।
बोर्ड की तरफ से जारी दिशा निर्देश के मुताबिक मुख्य बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्र किसी भी विषय की जांची गई उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुख्य और दूसरी बोर्ड परीक्षा दोनों में शामिल होने वाले छात्र दोनों परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी मांग सकते हैं। स्कैन कॉपी मिलने के बाद छात्र देख सकते हैं कि उत्तरों का मूल्यांकन किस तरह किया गया और किस प्रश्न पर कितने अंक दिए गए हैं।
उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन की प्रक्रिया पांच से नौ अगस्त तक थी। इसके लिए 300 रुपये प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया था। स्वीकृत आवेदन के बाद उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी छात्र के सीबीएसई लॉगिन एकाउंट में उपलब्ध कराई जाएगी।