शाहपुर। सरकार का 20 घंटे बिजली देने का दावा हवा हवाई साबित होते दिखाई दे रहा है। दिन हो या रात हर समय बिजली कटौती होती रहती है, जिससे लोगों को कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
डुमरियागंज नगर पंचायत के अधिकतर वार्डों में बिजली फाॅल्ट की समस्या से लोग परेशान हैं। सुबह से रात में एक बजे तक बिजली आने और जाने का सिलसिला चलता रहता है। उसके बाद किसी तरह लोग सो जाते हैं। बिजली कब आती और जाती है किसी को पता नहीं चलता है। जबकि नगर के वार्डों में पुराने तार बदल कर नए लगाए जा रहे हैं। उसके बाद भी बिजली फाॅल्ट की समस्या को जिम्मेदार निस्तारण करने में विफल साबित दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
वार्ड-13 लक्ष्मण नगर निवासी बबलू यादव ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि नगर में 20 घंटे बिजली दी जा रही है, लेकिन 10 से 12 घंटे ही मुश्किल से बिजली मिल रही है। उसमें दर्जनों बार बाधित भी होती है। बिजली कटने के बारे में पता करो तो पता चलता है कहीं शाॅर्ट सर्किट हो गया है। नगर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त है। वार्ड नंबर दो आजाद नगर निवासी मुराली ने कहा बिजली सप्लाई तार में जबसे कुछ बदलाव किया गया है। तबसे नगर में बिजली फाॅल्ट की समस्या बढ़ गई है। बिजली का बार- बार कटना आम बात हो गई है।
नगर में जगह-जगह बगैर सुरक्षा के रखे हैं ट्रांसफाॅर्मर: शाहपुर। डुमरियागंज नगर में बिजली निगम की अव्यवस्था के चलते आम लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। डुमरियागंज से इटवा मार्ग पर खीरा मंडी चौराहे पर जमीन पर ट्रांसफाॅर्मर बगैर किसी सुरक्षा के खुले में रखा है। जबकि पास से मुख्य सड़क गुजर रही है। चौराहा होने के नाते काफी भीड़ भी रहती है। उसके बाद भी जिम्मेदार सुरक्षा की दृष्टि से ठोस कार्य नहीं कर रहे हैं। वार्ड नंबर दो आजाद नगर निवासी अनीश अहमद ने कहा कि नगर में सड़कों पर अक्सर छुट्टे पशु एक दूसरे से लड़ते रहते हैं। समय रहते ट्रांसफाॅर्मर को चारों तरफ रेलिंग नहीं लगवाई गई तो बड़ी दुर्घटना घट सकती है। संवाद