पानी में घुसकर स्कूल जा रहे बच्चे
फोटो कैप्सन-27एसडीएन81पी- परसा इमाद में पानी में घुसकर स्कूल से बाहर आते छात्र व अध्यापक
परसा इमाद गांव के सिवान में रास्ता नहीं होने से पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने में हो रही दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। परिषदीय स्कूलों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने और उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित तो किया जा रहा है। लेकिन स्कूलों तक पहुंचाने के लिए बच्चों को जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। क्षेत्र के परसा इमाद स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की स्थिति बेदह खराब है। बारिश में बच्चे जूता और मोजा पहनकर कभी नहीं आते हैं। इसकी वजह रास्ते में पानी का भरना है।
डुमरियागंल ब्लॉक क्षेत्र के परसा इमाद में अगल-बगल प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय है। मार्ग नहीं होने से बरसात में विद्यालय में पंजीकृत 63 छात्रों के साथ ही वहां तैनात अध्यापकों को स्कूल आने-जाने में लोहा लेना पड़ता है। बच्चे और अध्यापक अपने-अपने जूते और चप्पल प्राइमरी स्कूल पर निकालकर पानी में घुसकर माध्यमिक स्कूल तक पहुंचते हैं। कई बार तो बच्चे पानी में फिसलकर गिर भी जाते हैं। स्कूल के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण प्रसाद ने बताया कि स्कूल में छुट्टी होने के बाद वह खुद बच्चों के साथ पानी में घुसकर बाहर आते हैं। स्कूल में शौचालय की भी हालत जर्जर है। इतना ही नहीं पेयजल व्यवस्था भी ध्वस्त है। गांव के रोहिनी प्रसाद, फिरोज अहमद, संतोष कुमार, चन्द्रमा प्रसाद व पवनसुत उर्फ सीसी मौर्या ने स्कूल जाने के लिए रास्ता निर्माण केे साथ ही शौचालय मरम्मत करवाने की मांग की है। बीईओ चंद्रभूषण पांडेय ने बताया कि स्कूल में जाने के लिए रास्ता न होने की जानकारी नहीं है। जर्जर शौचालयों की लिस्ट विभाग को दी गई है। रास्ते के लिए तहसील प्रशासन से मिलकर रास्ता निकलवाया जाएगा।