जांच में अनुपस्थित ग्राम सचिव का सीडीओ ने रोका वेतन
उसका ब्लॉक के छितरापार गांव का किया निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। सीडीओ पुलकित गर्ग ने उसका ब्लॉक के छितरापार गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अनुपस्थित ग्राम सचिव का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जांच में पंचायत भवन एवं निजी शौचालय निर्माण में अनियमितता पाई गई। मौके पर साफ-सफाई नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
सीडीओ पुलकित गर्ग ने ग्राम छितरापार में साफ-सफाई, प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय एवं व्यक्तिगत शौचालय तथा मनरेगा एवं राज्य वित्त से कराए गए कार्याें का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन पंचायत भवन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब पाई गई। भवन की कुछ दीवार खराब थी, जिसे तोड़कर गुणवत्ता पूर्वक निर्माण कराने के निर्देश दिए। विद्यालय की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। चारों तरफ गंदगी मिली। शौचालय एवं हैंडवॉश यूनिट में पानी का कनेक्शन नहीं था। एक ही कक्ष में 6 से 8 तक बच्चों की कक्षा संचालित है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि एक अध्यापक होने के कारण एक ही कक्ष में तीनों कक्षाओं संचालित हैं। तीन अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्मित है। किचन नहीं निर्मित है। अतिरिक्त कक्ष में भोजन बनाया जाता है।
खंड शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल विद्यालय का भ्रमण कर उपरोक्त कमियों को ठीक कराएं। ग्रामवासियों ने बताया कि ग्राम में 537 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत है, लेकिन अधिकांश शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया। जिनके पास पूर्व से शौचालय था, उनके नाम पर शौचालय का धन निकाल लिया गया। ऐसे कुछ लाभार्थियों का स्थलीय सत्यापन किया गया, जिसमें धर्मेंद्र कुमार, सर्वेंद्र कुमार का शौचालय उनके द्वारा पूर्व से बनाया गया था, लेकिन उनके नाम पर धनराशि निकाल ली गई। इस पर सीडीओ ने ग्राम में स्वीकृत सभी व्यक्तिगत शौचालय की जांच के लिए जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, नोडल अधिकारी उसका बाजार एवं जिला समन्वयक पंचायती राज विभाग की संयुक्त समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने सचिव का वेतन रोकते हुए निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सफाईकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
निरीक्षण में ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर एवं उसके चारों तरफ गंदगी मिली। ग्राम पंचायत के दो राजस्व ग्रामों में तैनात दो सफाईकर्मियों द्वारा नियमित साफ-सफाई नहीं की जा रही है। सीडीओ ने उसका बीडीओ को निर्देशित किया कि सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई कराते हुए रोस्टर बनाकर दोनों टोलों के नियमित साफ-सफाई कराएं।