सड़क निर्माण की धीमी गति देख सीडीओ हुए नाराज
सिद्धार्थनगर। नाबार्ड से झकहिया-कठेला-मधवापुर कला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का सीडीओ जयेंद्र कुमार ने सोमवार को निरीक्षण किया। सीडीओ ने काम की गति धीमी देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि तीव्र गति से कार्य कराते हुए निर्धारित समय तक कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण में कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-एक इटवा की तरफ से कराए जा रहे इस कार्य की स्वीकृत लागत 32.99 करोड़ रुपये है। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 6.04 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इस पुराने मार्ग के दोनों तरफ 1.725 मीटर तक चौड़ीकरण के लिए काम कराया जा रहा है।
सहायक अभियंता ने बताया कि 17.10 किमी लंबी सड़क के सापेक्ष 16 किमी तक कार्य पूर्ण हो गया है। कुछ स्थानों पर विवाद होने के कारण कार्य नहीं हो सके हैं। सीडीओ इटवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कठेला गर्वी में मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 में कराए गए इंटरलाकिंग कार्य एवं ग्राम पंचायत-कठेला शर्की में मनरेगा से वित्तीय वर्ष 2022-23 में कराए गए पौधरोपण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ इटवा राजकुमार आदि उपस्थित रहे।