देवरिया। मौसम के मिजाज में आ रहे उतार चढ़ाव से चर्म रोग के मामले बढ़ गए हैं। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिनों त्वचा संबंधी समस्याओं से ग्रस्त मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या में 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। चिकित्सकों के अनुसार, प्रतिदिन ओपीडी में 150 से 200 मरीज केवल चर्म रोग की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है। ज्यादातर लोगों में छोटे-छोटे लाल दाने शरीर के विभिन्न हिस्सों, खासकर हाथ-पैर और पीठ पर बारीक दाने निकल रहे हैं। इसके साथ तेज खुजलाहट हो रही है। मेडिकल काॅलेज के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत पाल ने बताया कि लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी तरह के दाने होने पर किसी मेडिकल स्टोर से दवा नहीं लें। सरकारी अस्पताल में या मेडिकल काॅलेज में चर्म रोग विशेषज्ञ की सलाह से ही दवा लें। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में सूती कपड़े पहनें, जिससे पसीना आसानी से सूख सके। शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।