मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर में हुई थी घटना, शिकायत पर धमकी देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर कस्बा में स्थित एक निजी ऑफिस में पहुंचकर रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मुमताज अहमद पर केस दर्ज किया है। पीड़ित की तहरीर पर मुमताज अहमद एवं दो अन्य पर केस दर्जकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बर्डपुर कस्बा में मधुबेनिया निवासी जमीन कारोबारी शमीम अहमद का ऑफिस है, जहां पर कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर नौ के टोला महदेइया निवासी जुबेर अहमद पुत्र अब्दुल मन्नान सहयोगी के रूप में कार्यरत है। जुबेर अहमद ने मोहाना पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सदर थाना क्षेत्र के पूरब पड़ाव निवासी मुमताज अहमद पुत्र जलालुददीन उनके बर्डपुर स्थित ऑफिस पर 30 जून 2024 को आकर कहने लगे कि तुमको काम करना है तो हर महीने मुझे पैसा दिया करो। उसके कारण पूछने पर मुमताज अहमद और उनके तीन सहयोगियों ने आफिस में घुसकर मारपीट करने लगे। शोर करने पर आसपास के लोग आये तो यह लोग भाग गए।
जुबेर अहमद का आरोप था कि मुमताज अहमद के संबंध में उसने कई जगह शिकायत की जिससे नाराज होकर वह नौ सितंबर 2024 को बर्डपुर के पास फिर से धमकी दिया, जिससे डरकर वह पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में रंगदारी वसूलने, मारपीट करने समेत अन्य मामलों में केस दर्जकर जांच में जुट गई है। एसओ मोहाना जीवन त्रिपाठी का कहना है कि केस दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है।