- हर साल होती है नहर की सफाई पर नहीं आता है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
औराताल। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में वर्ष 2005 में जब सरयू कैनाल के माइनर अमौना माइनर नहर की खोदाई हुई थी, तब यहां के किसान इस बात से खुश हो गए थे कि पानी के अभाव में उनके फसल नहीं सूखेंगी। 20 साल बीत जाने के बाद भी नहर में पानी नहीं आया। जबकि, उसकी सफाई की जाती है। ऐसा किसानों का कहना है।
सरयू कैनाल से निकली हुई माइनर नहर उपधी से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पथरा ताल में पहुंचती है। नहर का निर्माण हुए लगभग 20 वर्ष से अधिक हो गया। लेकिन, आज तक नहर में पानी नहीं आया। नहर खोदने के बाद उसमें पानी छोड़ा ही नहीं गया। ग्राम पंचायत उपधी के पूर्व प्रधान शेष राम पांडेय ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्र भी लिखा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पिछले वर्ष धान की फसल जब सूखने लगी तब लगभग 4,5 गांव के किसान वहां पर जुट कर नहर काटना चाह रहे थे। लेकिन, प्रशासन के दबाव में सभी लौट गए। इसके बाद प्रशासन ने कुछ किसानों की सहायता से सरयू नहर में अवरोध लगाकर माइनर में पानी छुड़वाया। लेकिन, वह पानी माइनर में लगभग 100 मीटर ही आ पाया। वहीं से माइनर काटकर लोगों ने अपना खेत सींचना शुरू कर दिया।
सहायक नहर पर लगभग पांच सौ मीटर के पश्चात पुल बनाने के लिए मिट्टी खोदी गई थी। पुल का निर्माण नहीं हो सका और मिट्टी उसी प्रकार से पड़ी हुई है, जिसके कारण भी पानी नहर में नहीं आ सकता है। बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में किसान रोपाई नहीं कर पा रहे हैं।
मौके पर जाकर देखता हूं और सहायक नहर में पानी छोड़ने के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार, एसडीएम, डुमरियागंज
-
श्याम सुंदर तिवारी
-