संवाद न्यूज एजेंसी
गोल्हौरा/ बांसी। गोल्हौरा थाना क्षेत्र में सर्राफा की गोली मारकर हत्या के मामले में गोल्हौरा पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले का जल्द पर्दाफाश करने के लिए एसपी ने पुलिस की पांच टीमें लगा दी हैं।
जो दुकान से घटना स्थल तक आसपास मिले कैमरों को खंगाल रही हैं। साथ ही लूट के पीछे वजह और अन्य जानकारी जुटा रही है। वहीं, सराफा की हत्या से कारोबारी सकते में हैं। बांसी, इटवा और गोल्हौरा थाने पहुंचकर लुटेरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कारोबारियों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई।
गोल्हौरा थाना रमटिकरा गांव निवासी आशीष कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह गोल्हौरा में स्थित अपनी सर्राफा की दुकान शुक्रवार की शाम बंद कर छोटे भाई प्रभंजन के साथ बाइक से घर जा रहे थे।
जैसे ही पाने गांव के रमटिकरा की तरफ घूमे पीछे से एक बाइक पर सवार चार बदमाश आए और पीछे से फायर कर दिया। इसमें एक गोली छोटे भाई प्रभंजन की पीठ में लगी और वह गिर गया। इसके बाद मैं रुका तो वह मुझसे उलझ गए और हाथापाई करने लगे। इस बीच एक गोली और मेरे भाई को मार दी और डिग्गी तोड़कर डेढ़ किलो चांदी व 50 ग्राम सोना लूट ले गए।
इस दौरान बदमाशों ने मेरा पिट्ठू बैग भी छीने का प्रयास किया। इसके बाद वह अपने भाई को घायलावस्था में जिला अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में केस दर्ज करके कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर हत्यारों की तलाश की जा रही है।