सिद्धार्थनगर। धान क्रय केंद्र चालू कराने सहित अन्य मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर पंचायत लगाए भाकियू कार्यकर्ता उस वक्त उग्र हो जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। नाराज कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने कहा कि किसानों सरकार व प्रशासन दोनों शोषण कर रही है।
धान की कटाई हो चुकी है, मजबूर होकर किसान अढ़तियों के यहां धान बेंच रहे हैं। जिले के सभी धान क्रय केंद्रों को सक्रिय किया जाए। सरकारी दुकानों पर अधिक दाम पर खाद व बीज की बिक्री की जा रही है। इसकी जांच करके निर्धारित रेट पर खाद व बीज बिक्री करने का निर्देश दिया जाए। प्रधानमंत्री कृषि बिना के तहत किसानों को खरीफ फसल के नुकसान का मुआवजा दिया जाए। बंद पड़े ट्यूबेल सही किया जाए और नहरों में जल्द से जल्द पानी छोड़ा जाए।
लोक निर्माण विभाग की ओर से पड़की-जोगिया मार्ग मरम्मत में कितना धन खर्च हुआ उसका ब्योरा देने सहित अन्य मांगों को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान इंद्रजीत दुबे, अनिल कुमार राव, पंकज वर्मा, निराला मौर्य, मनोज कुमार विश्वकर्मा, राधेश्याम, रामप्रकाश, भारत किसान, राजेश दुबे, नंदराम यादव, अमरावती, जबीउल्लाह आदि मौजूद रहे।