डुमरियागंज नगर पंचायत के सुभाष नगर वार्ड में बीच सड़क में बनी नालियों के ढक्कन टूटने से राहगीर
-सुभाष नगर वार्ड में बसीर के घर से सुरेश यादव के घर तक जगह-जगह टूटे ढक्कन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। डुमरियागंज नगर पंचायत के सुभाष नगर वार्ड में बीच सड़क में बने मैनहोल के ढक्कन टूटने से आए दिन राहगीर गिरकर घायल होते रहते हैं। वार्ड निवासियों ने सभासद से ढक्कन रखवाने के लिए कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने नगर प्रशासन से मैनहोल पर ढक्कन रखवाने की मांग की है।
नगर पंचायत के सुभाष नगर वार्ड (परनडीहवा) में बसीर के घर से सुरेश यादव के घर तक व ग्याराम के घर से हरीराम के घर तक बीच सड़क में नगर पंचायत की तरफ से नाली निर्माण करवाया गया था। इसी नाली से वार्ड का वेस्टेज पानी निकाल रहा है। नाली निर्माण के कुछ ही दिनों बाद जगह-जगह नाली के मैनहोल पर रखे ढक्कन टूट गए। इससे आए दिन खुली नाली में वार्ड निवासी गिरकर घायल होते रहते हैं।
वार्ड निवासी हरीराम यादव ने कहा कि रात में बगैर रोशनी के घर से बाहर निकलना दुश्वार है। जगह-जगह बीच सड़क में नालियों पर रखा ढक्कन टूटा है। लोग आए दिन उसमें गिरकर घायल होते रहते हैं। सभासद से नाली पर ढक्कन रखवाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, वार्ड निवासी बाबुल्लाह ने कहा कि वार्ड में जाने वाली मुख्य सड़क के बीच नालियां बनाई गई हैं। कुछ स्थान पर बीच सड़क में नालियों का ढक्कन टूट गया है। इसमें बच्चे अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं अनजान राहगीर भी रात में गिरकर घायल होते रहते हैं।
इस संबंध में इओ सचिन कुमार ने बताया कि समस्या का समाधान जल्द करवाया जाएगा।