शोहरतगढ तहसील क्षेत्र के मेहनौली गांव के पास वांनगंगा नहर कैनाल पर बने पुल का क्षतिग्रस्त एप्रो
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के मेहनौली गांव के पास बानगंगा नहर कैनाल पर बने पुल की एप्रोच की मिट्टी बह जाने से क्षतिग्रस्त होने से बरसात के मौसम में राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। पुल के दोनों तरफ मिट्टी कट जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों को दोपहिया और चार पहिया वाहनों से गुजरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मेहनौली गांव के पास बानगंगा नहर कैनाल पर करीब तीन वर्ष पहले सिंचाई विभाग की ओर से पुल का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के समय पुल की एप्रोच को मजबूत तरीके से तैयार नहीं किया गया, जिसके चलते बरसात में मिट्टी बह गई और दोनों तरफ कटान हो गया।
वर्तमान में पुल के दोनों किनारों पर गहरे गड्ढे और कटाव होने से हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। यह मार्ग आसपास के गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों ने बताया कि एप्रोच मार्ग को ठीक कराने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों को अवगत कराया गया लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
क्षेत्र के दिलीप कुमार साहनी, रामू साहनी, सर्वेसर उपाध्याय, डब्लू साहनी, मो. रशीद, हरि गोविंद उपाध्याय, विनोद कुमार, संतराम और प्रदीप कुमार पांडेय सहित अन्य ग्रामीणों ने पुल की एप्रोच मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।