डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रही काला नमक चावल की ब्रांडिंग
सिद्धार्थनगर। काला नमक चावल की खुशबू देश-विदेश में भी देखने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को माध्यम बनाया गया है। इस चावल की ब्रांडिंग के बाद निर्यात की मात्रा बढ़ी है और किसानों को पहले की अपेक्षा संतोषजनक कीमत भी मिल रही है। काला नमक चावल की ब्रांडिंग शुरू होने के बाद इसकी कीमत में लगातार वृद्धि हो रही है।
काला नमक चावल को एक जिला एक उत्पाद प्रोत्साहन योजना में शामिल होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से इसकी ब्रांडेड की जा रही है। ब्रांडिंग के कारण काला नमक चावल का रकबा 4000 से बढ़कर करीब 12000 हेक्टेयर तक पहुंच गया है। काला नमक के माध्यम से किसानों की तरक्की का रास्ता साफ होता जा रहा है। छोटे-छोटे वीडियो क्लिप के माध्यम से जिला प्रशासन देश-विदेश में काला नमक चावल की खुशबू बिखेरने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए यूट्यूब के साथ ट्विटर अकाउंट को माध्यम बनाया गया है।
इस बारे में डीएम दीपक मीणा का कहना है कि कपिलवस्तु महोत्सव में लोगों को काला नमक के बारे में पर्याप्त और अच्छी जानकारी मिली। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काला नमक चावल की ब्रांडिंग की जा रही है। इस चावल के निर्यात की मात्रा बढ़ी है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी चावल की मांग है। जिले में काला नमक चावल का रकबा लगातार बढ़ रहा है।
हर जिले में पहुंचेगी काला नमक की खुशबू
जिला प्रशासन ने काला नमक चावल की ब्रांडिंग के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव एवं सभी प्रमुख सचिव, अपर प्रमुख सचिव, सभी मंत्रीगण एवं सभी जिलाधिकारियों को काला नमक चावल का पैकेट भेजने की तैयारी की है। नए वर्ष में 600 पैकेट भेजे जाएंगे जिस पर चस्पा क्यूआर कोड स्कैन करने पर काला नमक चावल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
इतिहास से वर्तमान तक की जानकारी
कपिलवस्तु महोत्सव में देश के विभिन्न प्रदेशों से आए जनप्रतिनिधि एवं कलाकारों को जो पैकेट दिए गए हैं। वैसे ही पैकेट प्रदेश के माननीयों, अधिकारियों को भेजे जाएंगे। इसमें भगवान बौद्ध के प्रसाद काला नमक की इतिहास से लेकर वर्तमान में इसके महत्व को बताया गया है। वीडियो में यह भी बताया गया है कि चावल खुशबू के साथ ही सेहत के लिए अच्छा है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेशों के साथ काला नमक चावल की खूबियां बताई गई है। कपिलवस्तु महोत्सव के कई तस्वीरों के साथ काला नमक चावल की खीर, बिरयानी, डोसा एवं अन्य खाद्य पदार्थों में में उपयोगी होने की बात बताई गई है। सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि वीडियो के माध्यम से काला नमक चावल की ब्रांडिंग की जा रही है। देश-विदेश के लोग जिले के काला नमक चावल को सर्च करके इसकी खासियत जानने की कोशिश कर रहे हैं।