भारत नेपाल सीमा मर्यादपुर स्थित गेट पर लोगों के सामान की जांच करती एपीएफ। स्रोत विज्ञप्ति
सिद्धार्थनगर। सीमावर्ती इलाके में नशीली दवाओं के तस्करों ने फिर सिर उठा लिया है। पिछले पांच दिन में दो अलग-अलग बाॅर्डर से प्रतिबंधित नशीली दवा और कुछ केमिकल की खेप सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगी है। साथ ही तस्कर भी पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ कर गिरोह तक पहुंचने में सुरक्षा एजेंसियां लग गईं हैं। बाॅर्डर इलाके में दवाओं की तस्करी के मामले पहले भी आए हैं। सीमावर्ती इलाके से जुड़े लोगों का कहना है कि तस्करी का खेल चलता रहता है। पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों की जांच एजेंसियों की सख्ती से तस्कर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं और नेटवर्क उजागर हो रहा है। इस ड्रग के कारोबार में कहीं न कहीं सीमावर्ती इलाके हर कस्बे, चौराहे पर खुली दवा की दुकान चलाने वाले भी शामिल हैं, जो प्रतिबंधित दवा की खरीद-फरोख्त करते हैं। इनकी जांच हो तो बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। लेकिन, अभी तक केवल धरपकड़ के बाद सबकुछ सामान्य हो जाता है। आपूर्तिकर्ता तक पहुंच बने तो बहुत कुछ सामने आ जाएगा।
इस संबंध में एएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि बाॅर्डर पर नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। हर संदिग्ध की चेकिंग की जा रही है। पकड़ने जाने पर कार्रवाई जारी है। सीमावर्ती इलाके में अवैध गतिविधि किसी भी हाल में नहीं पनपने दिया जाएगा।
सख्ती बढ़ने के साथ ही बदल रहे इलाका : सीमावर्ती इलाकों से जुड़े लोगों के मुताबिक अब तस्कर सख्ती बढ़ने के साथ ही इलाका भी बदल रहे हैं। पिछले कुछ माह के तस्करी के जो मामले सामने आए हैं। उसमें शराब, नशीली दवा और गांजा की बरामदगी में महाराजगंज का नेटवर्क सामने आया है। 16 अप्रैल की रात में कपिलवस्तु पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी महराजगंज जनपद का निवासी है, जो नशीली दवाओं को लेकर जा रहा था। जानकार यह भी बता रहे हैं कि महाराजगंज जनपद में जब हर नाका पर सख्ती बढ़ती है तो वहां के तस्करों का मूवमेंट इधर बढ़ जाता है, इसलिए निगाह से बचकर निकल जाते हैं।