लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के रमवापुर गांव के टोला लोधडीह निवासी सुभाष (25) पुत्र सुरेश का शव सोमवार की सुबह फिरोजाबाद जिले के नागल खांगर थाना क्षेत्र के दिल्ली-कानपुर डाउन रेलवे ट्रैक पर मिला है। वहां की पुलिस का कहना है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल पर मिले आधार व मोबाइल नंबर के अनुसार परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक बहन की शादी के लिए घर लौट रहा था। परिवार को उसके आने का इंतजार था, लेकिन उसके बजाय उसके मौत खबर आई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के रमवापुर गांव के टोला लोधडीह निवासी सुभाष (25) पुत्र सुरेश गुजरात के सूरत शहर में रहकर निजी कंपनी में काम करता था। 28 अप्रैल को उसकी बहन की शादी है। परिजनों के मुताबिक बहन की शादी करने के लिए मृत सुभाष आठ माह पूर्व सूरत कमाने गया था। पैसा इकट्ठा होने और शादी की तारीख नजदीक आने के बाद एक लाख रुपये लेकर आने और दो दिन में पहुंचने की बात परिजनों को बताई थी। मगर, सुभाष की मौत हो गई। परिजनों को सूचना मिलते ही आनन-फानन में पिता सहित गांव के कुछ लोगों ने फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गए। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने बताया कि ट्रेन से गिरकर मौत हुई है जबकि, परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटनास्थल पर पुलिस को मृतक की जेब से सिर्फ सूरत से गोरखपुर का टिकट मिला है। पैसा का कोई अता-पता नहीं चल पाया। मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक नागल खांगर थाना गिरीश कुमार का कहना है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। मृतक के शव के पास आधार व फोन नंबर मिलने से शव की शिनाख्त जल्द हो गई। मंगलवार रात में शव आने के बाद बहन गुड़िया भाई का शव देखकर दहाड़े मार कर रो-रोकर बेहोश हो जा रही थी। इधर अन्य परिजनों का भी हालत खराब है।