तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के झरुआ गांव के टोला कम्हरिया निवासी संजय (31) की नेपाल में सड़क हादसे में जान चली गई, वह रिश्तेदारी में गया था। मृतक का शव बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद नेपाली पुलिस परिजनों को सौंपेगी। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के झरुआ ग्राम पंचायत के कम्हरिया टोले के रहने वाले संजय (31) पुत्र गंगाराम अपने नानी के यहां नेपाल के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर गया था। वहां से वह किसी काम से बहादुरगंज आ रहा था लेकिन बहादुरगंज-तौलिहवा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संजय तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। शेष दो भाई अजय और राजकुमार हैं।मृतक ही परिवार का कमाऊ पूत था। नेपाली पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर तौलिहवा में पीएम के लिए भेज दिया है। लाश बृहस्पतिवार को पीएम के बाद परिजनों को मिलेगी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों के साथ दर्जनों की संख्या में झरुआ के लोग तौलिहवा गए हैं।