संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के बानगंगा बैराज के पास शनिवार शाम को डूबे दो किशोरों में एक का शव रविवार शाम को एसडीआरएफ की टीम ने खोज निकाला है। किशोर का नाम नूर आलम (15) पुत्र अब्दुल रफीक है।दूसरे की तलाश जारी है।
सदर थाना क्षेत्र के बेलसड़ निवासी आतिफ (15) पुत्र मोहम्मद हनीफ और नूर आलम (16) और अरमान बानगंगा नदी बैराज पर घूमने गए थे। बैराज के पीछे नदी में पानी देखकर आतिफ और नूर नहाने के लिए कूद गए, जबकि साथ आए अरमान नहीं गया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चले गए।
जब तक अरमान कुछ समझ पाता, तब तक उसके साथी डूब गए। रविवार को एसडीएम राहुल सिंह, प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी व तहसीलदार अजय कुमार ने स्थानीय गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीम के साथ पूरे दिन नदी में तलाश करते रहे, लेकिन शाम करीब छह बजे के बाद एक शव खोजने में सफलता मिली है। एसडीएम राहुल सिंह ने कहा कि किशोर का शव मिला है, दूसरे को एसडीआरएफ तलाश कर रही है।