सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा बैठक सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर आयोजित हुई।
समीक्षा के दौरान नौगढ़, बर्डपुर और लोटन विकासखंडों में राशन कार्ड धारक महिला सदस्यों के समूह गठन की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों (बीएमएम) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राशन कार्ड धारक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर समूह गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में समूह गठन के लिए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
कहा कि जिले में 16,905 नए स्वयं सहायता समूहों के गठन का लक्ष्य निर्धारित है। इसके साथ ही 71,942 समूह दीदियों को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।