आगे आए युवा तो दूर हुई रक्त की कमी
- ब्लड बैंक में रक्त की कमी से बढ़ गई थी परेशानी
- महाविद्यालयों के युवा आए आगे तो 76 यूनिट पहुंच गया रक्तकोष
- नवंबर माह रह गया था 31 यूनिट ब्लड, कमी होने से परेशान थे स्वास्थ्यकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। रक्तदान में युवाओं के आगे आने से स्थिति में सुधार हो रही है। पिछले माह तक ब्लड की कमी के संकट से जूझ रहे ब्लड बैंक में अब 76 यूनिट ब्लड है। जबकि पिछले कई माह से 25 से 31 यूनिट ब्लड ही था। शिविर में युवाओं के रक्तदान से स्थिति में सुधार हुआ है जो अच्छा संकेत है और लोगों के लिए प्रेरणादायक है।
मरीजों को रक्त के लिए परेशानी न हो इसके लिए जिला अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक संचालित होता है। इस ब्लड बैंक में 300 यूनिट तक ब्लड रखने की क्षमता है। मगर जब से ब्लड बैंक स्थापित हुआ है। यहां पर 100 यूनिट से अधिक ब्लड नहीं जमा हुआ। स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक रक्तदान के प्रति लोगों में भ्रम के कारण यह स्थिति है। हाल यह था कि जिले में नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में 28 से 31 यूनिट ब्लड रह गया था। बल्ड बैंक में रक्त की बढ़ती कमी से स्वास्थ्यकर्मी परेशान थे। चिंता यह थी कि अगर कहीं कोई बड़ी समस्या हो जाए तो ब्लड की पूर्ति कहां से होगी। मगर दिसंबर माह में विश्वविद्यालय, शिवपति पीजी कॉलेज शोहरतगढ़ और रतनसेन पीजी कॉलेज बांसी में एक साथ रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसका नतीजा यह रहा कि ब्लड बैंक में 100 यूनिट से अधिक ब्लड मौजूद था। इस समय ब्लड बैंक में विभिन्न ग्रुप के 76 यूनिट ब्लड है। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि अगर इसी प्रकार से शिविर का आयोजन हो और युवा आगे आएं तो रक्त की कोई कमी नहीं होने पाएगी। इस संबंध में ब्लडबैंक प्रभारी डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यहां पर रक्तदान करने से लोग पहरेज करते हैं। नियमित रक्तदान करें तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होगी। जागरूकता के अभाव के कारण यह दिक्कत है। जबकि रक्तदान करने से शरीर पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। रक्तदान करने के बाद शरीर में फुर्ती आती है और ब्लड का संचार अच्छा होता है। साथ ही कई प्रकार के बीमारियां से रक्तदान बचाता भी है।
---
रक्तकोष में है इस ग्रुप का इतना ब्लड
ब्लडबैंक के आंकड़ों के मुताबिक ए पॉजिटिव दो यूनिट, बी पॉजिटिव 24, एबी पॉजिटिव 17 यूनिट, ओ पॉजिटिव 28 और बी निगेटिव दो और ओ निगेटिव तीन यूनिट ब्लड है।
---
हर स्वस्थ नागरिक कर सकता है रक्तदान
जिला अस्पताल में स्थित ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी का कहना है कि अगर आप स्वस्थ हैं और आपकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच है तो आप रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान महादान हैं। बिना डरे रक्तदान करें।