सिद्धार्थनगर । नगर पालिका कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते भाजपा के पदाधिकारी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नगर पालिका क्षेत्र के निरालानगर वार्ड में पंप हाउस के हुए शिलान्यास के दौरान लगाए गए शिलापट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिलापट्ट में क्षेत्रीय विधायक व सांसद का नाम नहीं होने से नाराज भाजपा पदाधिकारियों ने नामित सभासद आनंद शंकर मणि के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को नपा कार्यालय पहुंचकर ईओ विंध्याचल का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि बुधवार को नरकटहा क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजलापूर्ति के लिए निरालानगर में बनने वाले पंप हाउस का शिलान्यास डीएम संजीव रंजन ने किया था। शिलापट में डीएम, नपा अध्यक्ष मों इदरीश पटवारी व नपा बोर्ड के सदस्यों का नाम है, जबकि क्षेत्रीय विधायक व सांसद का नाम नहीं है। इससे नाराज भाजपा पदाधिकारियों ने नगर पालिका कार्यालय पर पहुचकर ईओ विंध्याचल का घेराव कर शिलापट्ट को बदलने की मांग की।
नाराज भाजपा पदाधिकारियों को मनाने के लिए ईओ ने शिलापट्ट को शिलान्यास स्थल से निकलवाकर नगर पालिका कार्यालय में मंगा लिया और आश्वासन दिया कि शिलापट में जो खामी है, उसे ठीक किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमा।
विरोध प्रदर्शन में कन्हैया पासवान, विष्णु जायसवाल, गौरीशंकर अग्रहरी, जगजीवन गौंड, राकेश अग्रहरी, सभासद बजरंगी वर्मा, रामगोपाल अग्रहरी, अजय शुक्ला, रामबाबू, धर्मेंद्र कुमार, बलराम कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।