सिद्धार्थनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोटिया पांडेय गांव के पश्चिम स्थित बांसी-धानी मार्ग पर बने पुल पर मंगलवार मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बस्ती निवासी झीनक (50) और गांव के ही राधेश्याम (40) हादसे का शिकार हो गए। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नकारी के अनुसार बस्ती जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी झीनक (50) और उनके गांव के ही राधेश्याम (40) बाइक से खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर गांव में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। झीनक के पुत्र का विवाह कलनाखोर निवासी श्यामसुंदर चौहान की पुत्री से हुआ था।
मंगलवार को उनके नाती के छठियारा संस्कार का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों निकले थे। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब उनकी बाइक कोटिया पांडेय गांव के पश्चिम स्थित पुल पर पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मृतकों का पूरा परिवार पहले ही चारपहिया वाहन और अन्य बाइक से गांव पहुंच चुका था, जबकि झीनक और राधेश्याम सबसे पीछे आ रहे थे। रास्ते में ही यह हादसा हो गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।
अंधा मोड़ बना हादसों का कारण : स्थानीय लोगों का कहना है कि कोटिया पांडेय पुल के दोनों ओर घनी झाड़ियां उग आने से यह स्थान अंधे मोड़ में तब्दील हो गया है। बाहर से आने वाले वाहन चालकों को पुल और मोड़ का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी इसी स्थान पर आलू से लदा ट्रक और चंडीगढ़ से रजाइयां लेकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट चुका है।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद पीडब्ल्यूडी द्वारा न तो झाड़ियों की सफाई कराई गई और न ही पुल के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर या चेतावनी संकेतक लगाए गए। क्षेत्रीय लोगों ने एक बार फिर पीडब्ल्यूडी से झाड़ियों की तत्काल सफाई, चेतावनी बोर्ड तथा स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है ताकि घटनाओं को रोका जा सके।