बेसिक बाल क्रीड़ा में दो सौ मीटर दौड़ में सुनैना अव्वल
सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में शुक्रवार को दो दिवसीय 29 वां जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन जूनियर बालक वर्ग के सौ मीटर दौड़ में नौगढ़ के सोमई प्रथम, शोहरतगढ़ के दुर्गेश द्वितीय व गणेश तृतीय रहे। जूनियर बालिका के दो सौ मीटर दौड़ में इटवा की सुनैना प्रथम, इटवा की ही सुमन द्वितीय और नौगढ़ की गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में चार सौ मीटर दौड़ जूनियर स्तर बालक में बांसी के रामकरण प्रथम, नौगढ़ के सोमई द्वितीय तथा गणेश तृतीय रहा। कबड्डी प्राथमिक स्तर बालक में नौगढ़ की टीम ने डुमरियागंज की टीम को 24-5 के अंतर से हराया। इसके अलावा खो-खो, अंत्याक्षरी, एकांकी, पीटी का प्रदर्शन शनिवार को होगा। क्रीड़ा समारोह में स्काउट गाइड के बच्चों ने भारत माता की प्रतिमूर्ति बन मार्च पास्ट में भाग लेकर सबका मन मोह लिया। इस दौरान लेखाधिकारी निलोत्तम चौबे, चंद्र भूषण पांडेय, अभिमन्यु, महेंद्र कुमार, विजय आनंद, अनिल मिश्रा, सीपी गौड़, ओपी मिश्रा के अलावा जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्र उपाध्याय, शिक्षिका सीमा द्विवेदी, राधेरमण त्रिपाठी, सुधाकर मिश्रा, लालजी यादव, आशीष सिंह, इंद्रमणि त्रिपाठी, जीशान खलील, सुशील सिंह, आशुतोष सिंह, अजय बरनवाल, ऋषि द्विवेदी आदि मौजूद रहे
पढ़ाई के साथ खेल में भी बनाएं भविष्य
क्रीड़ा समारोह का उद्घाटन करते हुए बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। परिषदीय विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। विशेषकर ग्रामीण परिवेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए यह प्रतियोगिता काफी महत्वपूर्ण होती है। प्रदेश सरकार ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही। इसके पूर्व उन्होंने सरस्वती पूजन कर दीप प्रज्ज्वलन किया। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीत हार की चिंता छोड़ बच्चे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।