‘समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ’
सिद्धार्थनगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने के लिए समाज के अंतिम व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार निचले तबके के लोगों को रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराकर उनको स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए आय बढ़ाने का कार्य कर रही है। ये बातें स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने लोहिया कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
वित्तीय सेवायें संस्था वित्त मंत्रालय भारत सरकार की क्रेडिट आफ आउट रीच प्रोग्राम के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने कहा कि इस जनपद में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से कोरोना के समय में भी मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट, मशरूम उत्पादन कर आर्थिक स्थिति को मजबूत किया गया। इसको देखते हुए सरकार की तरफ से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य स्वरोजगार के लिए ऋण प्रदान कर आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई जा रही है। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से कमजोर वर्ग के लोगों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
रेहड़ी, पटरी, ठेले वाले, सब्जी वाले व अन्य को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे अपने रोजगार को बढ़िया से कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। स्वरोजगार कर सभी लोगों की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार होगा और अन्य देशों की तुलना में हमारा देश अग्रणी होगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से कौशल विकास विभाग की तरफ से युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार दिया जा रहा है। सरकार की ओर से रेहड़ी, पटरी तथा ठेले वालों की आय बढ़ाने के लिए दीपावली मेला का आयोजन कराया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय रोजगार परक योजनाओं और अन्य ऋण योजनाओं में जिले में स्थित समस्त बैंको की ओर से कुल 7330 लाभार्थियों में 195.9 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत और वितरित किया गया।
इसमें खुदरा ऋण में 64.76 करोड़, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में 14.20 करोड़, पीएम स्वनिधि में 11.53 लाख, प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना में 6.08 करोड़, स्वयं सहायता समूह में 12.78 करोड़, कृषि ऋण में 73.75 करोड़ एवं अन्य योजनाओं में 23.40 करोड़ का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। इस दौरान प्रभारी डीएम एवं सीडीओ पुलकित गर्ग, जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार योगेंद्र लाल भारती, क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक दिनेश कुमार मिश्रा, उपमहाप्रबंधक स्टेट बैंक गोरखपुर संजीव कुमार, लीड बैंक अधिकारी रवि कुमार सिन्हा, उपायुक्त उद्योग दयाशंकर सरोज, परियोजना अधिकारी डूडा चंद्रभान वर्मा आदि उपस्थित थे।