: राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने आवंटित किए 51.76 लाख रुपये
: विकास भवन से साड़ी तिराहे तक बनेगा सार्वजनिक पार्क
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विकास भवन से साड़ी तिराहे तक कलक्ट्रेट व जनपद न्यायालय की तरफ सड़क किनारे सार्वजनिक पार्क बनेगा। राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने इस कार्य के लिए सांसद निधि से 51.76 लाख रुपये आवंटित किया है। पार्क के निर्माण से जहां इस मार्ग की सुंदरता बढ़ेगी वहीं लोगों को पेड़ पौधों से छाया भी मिलेगा।
विकास भवन से साड़ी तिराहा तक पांच सौ मीटर तक सड़क किनारे पड़ी खाली जमीन में वर्तमान में गंदगी और अतिक्रमण कर कुछ दुकानें रखी गई है। राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने इस भूमि में सार्वजनिक उद्यान एवं पार्क निर्माण के लिए धन आवंटित किया है। इससे यहां पर मिट्टी डालकर भूमि समतल करने के बाद घास लगाई जाएगी। साथ ही रोड साइड में डेढ़ फीट बाउंड्रीवाल लगाने के साथ उस पर ग्रिल लगाई जाएगी। वहीं पार्क की तरफ कलक्ट्रेट एवं जनपद न्यायालय की दीवार पर पेंटिंग की जाएगी और लाइट भी लगाई जाएगी।
पार्क के अंदर पौध लगाए जाएंगे, जिससे इस मार्ग की खूबसूरती बढ़ जाएगी। डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि आवंटित धनराशि से जल्द ही पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इससे इस मार्ग और सरकारी कार्यालयों की सुंदरता बढ़ जाएगी।