बाजारडीह माइनर का कार्य 25 वर्ष बाद हुआ पूरा
एसडीएम डुमरियागंज ने किसानों से समझौता करा खुदवाई नहर
नहर खुदाई पूर्ण बांसी क्षेत्र के 20 गांवों के खेतों की होगी सिंचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बांसी क्षेत्र में 25 वर्ष से बंद पड़े बाजारडीह माइनर का निर्माण कार्य अब जाकर पूर्ण हुआ है। एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ नहर की खुदाई पूर्ण कराई।
बांसी क्षेत्र में 4.4 किमी लंबी बाजारडीह माइनर का निर्माण कार्य 25 वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ था। क्षेत्र के जगदेई गांव तक जाने वाली इस नहर की ग्राम मलौली के पास सौ मीटर तक खुदाई नहीं हो पाई थी। यहां पर विभाग और किसानों के भूमि संबंधी विवाद चला आ रहा था। इससे आसपास के 20 गांवों के किसानों के खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच पा रहा था। एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन ने विभागीय अधिकारियों एवं किसान शब्बीर आलम, जुनेद आलम आदि से वार्ता के बाद खुदाई कर नहर निर्माण कार्य पूर्ण कराया, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। इस दौरान सहायक अभियंता सरयू नहर खंड बांसी गौरव, कानूनगो मोहम्मद अजीज और बांसी पुलिस मौजूद रही। क्षेत्र के किसान राकेश, उमाशंकर, भेलई, दीनानाथ और लड्डन का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा नहीं है, नहर निर्माण से खेतों की सिंचाई में आने वाली दिक्कत समाप्त हो जाएगी।
खानतारा रजवाहा के गैप की हुई खुदाई
एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन ने तहसील क्षेत्र में खानतारा रजवाहा के 30 वर्षों से बंद पड़े गैप की भी खुदाई कराई। यहां के किसान इम्तियाज अली उर्फ भैय्यन ने उनकी भूमि में खानतारा रजवाहा की 50 मीटर की खुदाई रोक दी थी और कोर्ट चले गए थे। एसडीएम ने वार्ता कर विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में अवशेष 50 मीटर नहर की खुदाई कराई।