बर्डपुर। वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बर्डपुर और लोटन ब्लॉक इकाई की बैठक मंगलवार को एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और आगामी जिला सम्मेलन को लेकर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि और वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश महासचिव देशबंधु शुक्ल ने कहा कि वह वर्ष 2011 से वित्तविहीन शिक्षकों के हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी मानदेय तथा कैशलेस इलाज जैसी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय तक लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली बनाने के प्रति गंभीर है और कैशलेस इलाज की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही आगामी जिला सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर संयोजक प्रबंधक मनीष चौधरी ने राजकुमार पांडेय को लोटन ब्लॉक इकाई का अध्यक्ष, शैलेश मिश्र को बर्डपुर ब्लॉक अध्यक्ष और अर्जुन कुमार मिश्र को ब्लॉक महामंत्री मनोनीत किया। बैठक में नित्यानंद, सतीश सिंह, प्रदीप चौधरी, रामबहादुर चौधरी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।