फर्जी शिक्षकों की खोज में जुटा बेसिक शिक्षा विभाग
सिद्धार्थनगर। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी राकेश कुमार सिंह की ओर से अभी जिले में 12 से अधिक फर्जी शिक्षक होने की जानकारी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग जांच में जुट गया है। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने सभी बीईओ को भेजे पत्र में 2010 के बाद नियुक्त एवं स्थानांतरित शिक्षकों की सूचना निर्धारित प्रारूप पर चार जुलाई की शाम पांच बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी राकेश कुमार सिंह ने पूछताछ में बताया था कि अभी जिले में 12 से अधिक फर्जी शिक्षक कार्यरत हैं। उसके बाद अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा के निर्देश पर डीएम संजीव रंजन ने फर्जीवाड़े की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी।
इसमें एडीएम उमाशंकर, एएसपी सुरेश चंद्र रावत और बीएसए शामिल हैं। अब तक जिले में सौ से अधिक फर्जी शिक्षक पकड़े जा चुके हैं। मामले की जांच कर रही एसटीएफ मुख्य आरोपी समेत कई फर्जी शिक्षकों से पूछताछ कर चुकी है। डीएम की तरफ से गठित जांच समिति के माध्यम से बीएसए ने एक जून को सभी बीईओ को पत्र भेजकर शिक्षकों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
नियम विरुद्ध विद्यालय संचालित होने पर एक लाख जुर्माना
सिद्धार्थनगर। बीईओ उसका बाजार की रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र के उटिया में संचालित सुभाष चंद्र बोस पब्लिक स्कूल पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। बीईओ ने रिपोर्ट में बताया है कि सुभाष चंद्र बोस पब्लिक स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहा है। उसके प्रबंधक को नोटिस देकर स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद स्कूल बंद नहीं किया गया। इसकी रिपोर्ट मिलने पर बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने स्कूल पर एक लाख जुर्माना लगाते हुए उसे 15 दिन के अंदर जमा करने के निर्देश दिए हैं।