सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी चुनाव का कार्यक्रम जारी होते ही चुनावी सरगर्मी बढ़ गई। उम्मीदवारों ने सपंर्क करना शुरू कर दिया।
सिविल सिद्धार्थ बार एसोएशिन चुनाव को सकुशल कराने के लिए सोमवार को चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई। वरिष्ठ अधिवक्ता रामशंकर उर्फ शेखर सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी व रमेश पांडेय को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव लड़ने के इच्छुक अधिवक्ताओं ने वकीलों के चैंबर में पहुंचकर हाजिरी लगानी शुरू कर दी है। उम्मीदवार नए अधिवक्ताओं से कचहरी की कैंटीन में मुलाकात करने लगे हैं।
अध्यक्ष पद पर इस बार चुनाव में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद की जा रही है। इस पद के लिए तीन पूर्व अध्यक्षों समेत छह अधिवक्ताओं ने जनसंपर्क शुरू कर दिया है। महामंत्री पद पर भी दो पूर्व पदाधिकारियों समेत छह दावेदार मैदान में उतरने की तैयारी में है। इससे चुनाव काफी रोचक हो गया है। वरिष्ठ व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कोई चेहरा सामने नहीं आया। कोषाध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय संघर्ष के आसार बन रहे हैं। इस संबंध में सहायक चुनाव अधिकारी नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 28 सितंबर को नामांकन व 29 को पर्चा वापसी की तारीख घोषित की गई। 5 अक्टूबर को मतदान व मतगणना होगी।