सिद्धार्थनगर। खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन परियोजना के प्रथम फेज में खलीलाबाद से बांसी तक चल रहा निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, अब ट्रैक बिछाने की तैयारी है। बांसी तक रेलवे लाइन बिछाने के लिए मिट्टी पटाई का काम अंतिम चरण में है। खेसरहा और बांसी में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन भी आकार लेने लगे हैं।
बारिश के कारण ट्रैक के लिए मिट्टी पटाई का काम प्रभावित होने से पहले अधिकांश हिस्से में कार्य पूरा कर लिया गया था। अब रेलवे ट्रैक बिछाने से पहले गिट्टी डालने की तैयारी की जा रही है। कई स्थानों पर क्रॉस बोल्डर गिराए जा चुके हैं। बांसी में निर्माणाधीन स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर की छत पड़ चुकी है और दूसरे तल का निर्माण चल रहा है। खेसरहा स्टेशन के दो मंजिला भवन की छत भी पड़ चुकी है। रविवार को भी खेसरहा स्टेशन पर मजदूर निर्माण कार्य में जुटे रहे।
खलीलाबाद से बहराइच तक करीब 240 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना को अक्तूबर 2018 में मंजूरी मिली थी। परियोजना के लिए 4,940 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। इसे दो फेज में बांटा गया है। पहले फेज में खलीलाबाद से बांसी और दूसरे में बांसी से बहराइच तक रेल लाइन बिछाई जानी है।
जिले के बांसी और डुमरियागंज तहसील क्षेत्र से गुजरने वाली रेल लाइन के लिए अधिकांश भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। कुछ गांवों में अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेल लाइन के लिए करीब 40 मीटर चौड़ी भूमि और स्टेशन निर्माण के लिए 100 से 120 मीटर चौड़ी भूमि अधिग्रहीत की गई है।
बांसी स्टेशन का निर्माण गौरी गांव के पास छितौना और कोल्हुआ चकवा ग्रामसभा के बीच कराया जा रहा है। खेसरहा स्टेशन पीढ़िया और बतसा गांव के बीच बन रहा है। मिट्टी पटाई के साथ कई स्थानों पर अंडरपास का निर्माण भी अंतिम चरण में है। बतसा, औसानगाढ़ा और भलुहा गांव के पास ट्रैक के लिए बोल्डर गिराए जा चुके हैं।
-
दोनों स्टेशनों तक बनेंगे संपर्क मार्ग
खेसरहा स्टेशन को बेलौहा-घोसियारी मार्ग से जोड़ने के लिए रेलवे की ओर से करीब 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। पगारे से बतसा जूनियर हाईस्कूल होते हुए रेलवे ट्रैक के किनारे स्टेशन तक सड़क निर्माण की योजना पर काम शुरू हो गया है। बांसी स्टेशन को बांसी-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए भी रेलवे ट्रैक के किनारे सड़क बनाई जाएगी। स्टेशन राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। इसके अलावा बांसी-डुमरियागंज मार्ग से भी स्टेशन तक पहुंचने की सुविधा होगी।
-
बांसी में 75 और खेसरहा में 60 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन निर्माण
बांसी में करीब 75 करोड़ और खेसरहा में 60 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों जगह मुख्य स्टेशन भवन, सड़क और आवासीय परिसर विकसित किए जाएंगे। बांसी में क्रॉसिंग स्टेशन के साथ मालगाड़ियों के लिए अतिरिक्त ट्रैक भी बिछाया जाएगा। इससे माल ढुलाई की सुविधा मिलेगी। खेसरहा में भी क्रॉसिंग स्टेशन के साथ यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सात क्रॉसिंग स्टेशन और 12 हाल्ट का प्रस्ताव
नई रेल लाइन से अब तक रेल सुविधा से वंचित बांसी और डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। परियोजना में सात क्रॉसिंग स्टेशन और 12 हाल्ट प्रस्तावित हैं। क्रॉसिंग स्टेशनों में बंजरहा, डुमरियागंज, भग्गोभार, बांसी, खेसरहा, मेहदावल और भगौली बाजार शामिल हैं। वहीं, चिरकुटहा, पिरमनहा, धनकहापुर, टिकरिया, रमवापुर दुबे और पसाई समेत 12 हाल्ट बनाए जाने हैं। इससे आसपास के सैकड़ों गांवों की आबादी को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कोट
खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है। परियोजना पूरी होने से जिले की बड़ी आबादी को आवागमन के लिए रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
-शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी