बिस्कोहर कस्बा में रात जाग कर रखवाली करते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर कस्बा में बृहस्पतिवार रात तीन अलग-अलग घरों के पास संदिग्धों के होने का शोर रात में मचा। चोरी की आशंका से लोग पूरी रात जागते रहे।
कस्बा के कोटिया निवासी महबूब ने बताया कि शाम सवा सात बजे मैं अपने दुकान पर था। तभी मेरे घर के पास रहने वाले फरियाद का फोन आया कि मेरे घर के पीछे से अंदर कोई घुस रहा है। वह घर पहुंचे तो शोर सुनकर अज्ञात व्यक्ति पगडंडी के रास्ते खेतों की ओर कूदकर भाग निकला।
करीब दो घंटे बाद कस्बा के धर्मराज की बेटी ने शोर मचाया। बताया कि एक संदिग्ध घर के पिछले हिस्से में लगे फाटक के पास खड़ा है। जब मोहल्ले के लोगों ने घेरा तो पीछे की दीवार के पास से भाग निकला।
इसके बाद रात करीब दो बजे शाह मोहल्ले में संदिग्ध गतिविधि हुई। मोहल्ले के लोग चोर-चोर का शोर मचाते हुए दौड़ पड़े, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला। चौकी प्रभारी नगर वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव ने नागरिकों से अफवाह न फैलाने और सतर्क रहने की अपील की है।