शहर के कपड़े वाली गली में सजा हुआ रूई की दुकान। संवाद
सिद्धार्थनगर। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही लोगों ने सर्दी से बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। गर्म कपड़ों के साथ रजाई, गद्दे और कंबल की मांग भी बढ़ने लगी है। इसका असर बाजार में दिखाई देने लगा है।
नौगढ़ की कपड़े वाली गली में रूई और रजाई की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। कोई पुरानी रजाई की रूई निकलवाकर उसकी धुनाई करा रहा है तो कोई नई रूई खरीदकर रजाई बनवा रहा है। वहीं, तैयार रजाई खरीदने वालों की भी दुकानों पर भीड़ जुट रही है। कपड़े वाली गली में रजाई और रूई का कारोबार करने वाले राकेश रस्तोगी, बबलू, विक्की और विशाल के यहां अलग-अलग गुणवत्ता की रूई और तैयार रजाई उपलब्ध हैं। दुकानदारों के मुताबिक, रूई की कीमत 80 से 220 रुपये प्रति किलो तक है। वहीं, तैयार रजाई 1100 से 1700 रुपये तक में मिल रही है।
ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। रजाई की कीमत उसके आकार, वजन, रूई की गुणवत्ता और सिलाई के आधार पर तय होती है। सिंगल और डबल बेड के लिए अलग-अलग आकार की रजाइयां तैयार की जा रही हैं।