भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिजौरा बाजार में शनिवार देर शाम को एक युवक ने सब्जी दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा तान दिया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को असलहे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनिकौरा हाल मुकाम आजादनगर निवासी तिजोरी शनिवार को गुप्ता बिजौरा बाजार में सब्जी दुकान लगाया था। बिजौरा निवासी अफशरजहां पत्नी मोहम्मद सलीम सब्जी खरीदने गई थी, उनसे और सब्जी दुकानदार के बीच झोले के लिए कहासुनी होने लगी। इसी बीच अफशरजहां का बेटा इशराफिल मौके पर पहुंच गया और उसने दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा तान दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत किया। सब्जी दुकानदार तिजोरी गुप्ता ने बिजौरा चौकी पर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद चौकी इंचार्ज सभाजीत मिश्रा ने इशराफिल को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। त्रिलोकपुर के एसओ रणधीर कुमार मिश्र ने बताया कि केस दर्जकर तमंचे के साथ गिरफ्तार किए इशराफिल जेल भेज दिया गया।