संवाद न्यूज एजेंसी
खुनुवां। नेपाल के कपिलवस्तु में बानगंगा में शनिवार शाम को अचानक आई बाढ़ के बीच फंसे 12 लोगों को सशस्त्र पुलिस बल ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इनमें 11 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
सशस्त्र पुलिस बल से मिली जानकारी के अनुसार नेपाल नंबर-28 गण मुख्यालय कपिलवस्तु को सूचना मिली कि कपिलवस्तु नगर पालिका-6 स्थित बर्मेली में बानगंगाा में आई बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रात करीब 8:30 बजे सभी 12 लोगों का बचाया।
सशस्त्र पुलिस के अधिकारी गोपाल अधिकारी ने बताया कि सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में कपिलवस्तु नगर पालिका-6 निवासी गोपी परियार (70), किरली परियार (70), कविता कुमाल (24), रामी वयम्बु (38), मीना वयम्बु (32), बेलमति सुनार (45), सुश्मा जिसी (45), लालुमाया श्रेष्ठ (18), लक्ष्मी परियार (34), बिना बीक (40), बिन्दा थापा (24) और रेशम परियार (37) शामिल हैं।
सभी के सुरक्षित होने के बाद स्थानीय लोगों और परिजन ने राहत की सांस ली। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सशस्त्र पुलिस बल की टीमों को सतर्क रखा गया है।