एजेंडा जारी नहीं हुआ तो 16 से फिर करेंगे अनशन
एडीएम से मिलकर जिला पंचायत सदस्यों ने रखी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला पंचायत में टेंडर में गड़बड़ी करने के विरोध में धरना देने वाले जिला पंचायत सदस्य एक बार फिर बगावती तेवर में दिखेंगे। बुधवार को सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल एडीएम से मिला। उनसे समस्याओं के समाधान की मांग के साथ ही चेतावनी दी कि अगर एजेंडा जारी नहीं हुआ तो 16 जुलाई शाम चार बजे से बेमियादी अनशन पर बैठेंगे।
जिला पंचायत अब्दुल सलाम चौधरी ने कहा कि जिला पंचायत में टेंडर प्रक्रिया में अनियमितिता बरती गई। उसमें सुधार के लिए सदस्यों ने जिला पंचायत परिसर में 30 जून से धरना दिया। इसके बाद सात जुलाई से अनशन पर बैठ गए। इस दौरान आश्वासन दिया गया था कि 14 जुलाई तक बोर्ड की बैठक करके एजेंडा जारी कर दिया जाएगा, लेकिन न तो बैठक की गई और न ही एजेंडा जारी किया गया। कहा कि अगर एजेंडा जारी नहीं हुआ तो 16 जुलाई शाम चार बजे से सदस्य जिला पंचायत परिसर में दुबारा बेमियादी अनशन पर बैठने को विवश होंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रतिनिधि मंडल में महेंद्र प्रताप सिंह, जाकिर हुसैन, शैलेश, विनोद विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।