संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर पर यात्रियों को दूसरी तरफ से भी आवागमन के लिए नया रास्ता बनाने का डीआरएम ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
शहर के लोगों के अनुसार इस नए रास्ते से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जबकि इस रास्ते का संचालन होने से बाइक, साइकिल व पैदल यात्रियों को क्राॅसिंग के लंबी जाम से छुटकारा मिलेगा। डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बीते दिनों निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन पर बने ओवरब्रिज को गुड्स शेड के बाहर तक बनवाने का निर्देश दिया था।
उन्होंने आगे बताया था कि दूसरी तरफ के प्लेटफाॅर्म के बगल से आने जाने के लिए रास्ता भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा था कि सिंहेश्वरी मंदिर के तरफ से रेलवे प्लेटफाॅर्म के बगल से एक नए मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा। इससे यात्रियों को एक नया मार्ग भी मिलेगा, जिससे बाइक व पैदल यात्री इस रास्ते से आवागमन कर पाएंगे। इसको लेकर शहर के लोगों ने खुशी जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नए मार्ग के बन जाने से यात्रियों को भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। कई बार प्लेटफाॅर्म एक से निकलने वाले यात्रियों को क्राॅसिंग व लंबे जाम का सामना करना पड़ता है।