पैसा न मिलने पर बांसी-बस्ती मार्ग पर जाम लगाते ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। तहसील क्षेत्र के तिलौली स्थित सेंट्रल बैंक की फतेहपुर शाखा तथा पूर्वांचल बैंक की तिलौली शाखा पर पैसा न मिलने से आक्रोशित ग्राहको ने बांसी-बस्ती हाइवे लगभग दो घंटे जाम किया। जिससे दोनों तरफ लगभग एक किमी दूरी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की फतेहपुर शाखा पर ग्राहकों को गुरुवार को भी पैसा नही मिला था और शुक्रवार को भी बैंक ने पैसा देने से मना कर दिया। जबकि पूर्वांचल बैंक तिलौली पर पिछले लगभग 10 दिनों से पैसे का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इससे आजिज आकर साधू चौधरी, अशोक भट्ट, मनीष मिश्रा, उदयभान चौधरी, राजेश भट्ट, मो. उसमान, किताबुल्लाह, रीता देवी, अनारकली आदि सैकड़ों ग्राहकों ने तिलौली चौराहें पर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी बांसी महिपाल पाठक मौके पर गए और लोगों को समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराया। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा जिगनिहवां पर ग्राहकों को पर्याप्त पैसा दिया गया। जबकि पूर्वांचल बैंक गोल्हौरा पर कैश न होने के नाते ग्राहकों को पैसा नही मिल सका।