- आशाओं ने विधायक विनय वर्मा को शिकायत पत्र सौंपा
- प्रसूता के ऑपरेशन से पहले नशे की हालत में बेहोशी का इंजेक्शन लगाने का आरोप
शोहरतगढ़। क्षेत्र की कई आशाओं ने विधायक विनय वर्मा को शिकायत पत्र देकर पूर्व अधीक्षक और एनेस्थीसिया के डॉक्टर सौरभ कुमार चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि प्रसूता के ऑपरेशन के पहले बेहोशी का इंजेक्शन वह नशे की हालत में लगाते हैं, जिससे मरीज को बहुत परेशानी होती है और कभी भी घटना घट सकती है। आशाओं ने कहा कि कई बार इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई। लेकिन, इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
आशा सुनीता, अनिता, फूलमती, गुड़िया, किसलावती, मीरा, सुदामा, रेखा, अमरावती और अर्चना आदि ने विधायक को शिकायत पत्र देकर बताया कि पूर्व अधीक्षक व एनेस्थीसिया डॉक्टर सौरभ कुमार चतुर्वेदी कार्य व व्यवहार अच्छा नहीं है। वह हमेशा नशे में रहते हैं। ओटी कक्ष में ऑपरेशन करने से पहले बेहोशी का इंजेक्शन लगाने के लिए नशे की हालत में पहुंचते हैं, जिससे मरीज पर बुरा असर पड़ता है। नशे की हालत में उनका व्यवहार मरीजों से ठीक नहीं रहता है। इनके रवैये से आशाएं हमेशा डरी रहती हैं कि ऑपरेशन कक्ष में कोई घटना न हो जाए। डॉ. सौरभ पूर्व में जिला मुख्यालय कार्यालय में तैनात थे। चिकित्सक पर भ्रष्टाचार का आरोप है, जिनकी जांच चल रही है।
पूर्व अधीक्षक और चिकित्सक एनेस्थीसिया के डॉक्टर सौरभ कुमार चतुर्वेदी की शिकायत कई बार मिली है। इनके रवैये से आशा कार्यकर्ता परेशान हैं। चिकित्सक नशे की हालत में ड्यूटी करते हैं, जिसकी शिकायत आशाओं ने की है। डीएम को पत्र भेजकर मामले को अवगत करा दिया गया है। क्षेत्र की जनता की भलाई के लिए इस चिकित्सक पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों व मंत्री को अवगत कराया जाएगा।
- विनय वर्मा, विधायक, शोहरतगढ़
आशा कार्यकर्ताओं ने मेरे ऊपर जो आरोप लगाया है, वह निराधार है। मैं कभी भी नशे में नहीं रहता हूं। अपने कार्य एवं जिम्मेदारी के प्रति ईमानदार और निष्ठावान है। इस मामले में मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है।
- डॉ. सौरभ चतुर्वेदी, पूर्व सीएचसी अधीक्षक