उसका बाजार। उसका बाजार थाना क्षेत्र में धर्मांतरण कराने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। इनके ऊपर उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
बता दें कि रविवार को सुजीत कुमार, मधु, सपना, रामप्रसाद और रमेश इसी थाना क्षेत्र के मथुरा नगर वार्ड स्थित एक घर में कुछ प्रार्थना सभा में धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहे थे। जब इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
हंगामा की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और आरोपियों को धार्मिक साहित्य के साथ हिरासत में लेकर थाने पर आई थी। यहां से आरोपी महिला मधु और सपना को जिले स्थित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया और सुजीत कुमार, रामप्रसाद और रमेश थाने स्थित लॉक अप में रखा गया था। एसओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है।