शोहरतगढ़। कस्बे के एक धर्मशाला में शादी समारोह के दौरान चार दिन पहले लापता हुई किशोरी का शव रविवार की शाम मेढ़वा चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ियों में मिला था।
इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कुछ लोग कह रहे हैं कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या की गई है। वहीं, किशोरी की मां ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि कार्रवाई में लापरवाही बरती गई।
सोमवार को किशोरी की मां ने वीडियो जारी कर कहा, थाने पर गई थी। मगर, केस दर्ज करने और खोजने के बजाय पुलिस ने खुद बेटी को खोजने की बात कहकर हाथ खड़े कर लिए। यदि पुलिस गहनता से जांच करेगी तो मामले का खुलासा हो जाएगा।
वीडियो में किशोरी की मां कह रही है कि 28 नवंबर की रात में तीन बेटियों व दो बेटों के साथ एक धर्मशाला में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। बेटी रानी पेखाना लाकर सभी को दिया और पानी लेने चली गई। जब वह नहीं आई तो बड़ी बेटी खुशबू उसे खोजने लगी।
जब वह धर्मशाला में नहीं मिली तो उसे खोजने खुनुवां बाईपास स्थित एक मैरिज हाॅल गए। वहां भी नहीं मिली तो पुलिस पिकेट पर एक सिपाही से पूरी बात बताई। मां का आरोप है कि सिपाही ने कहा इधर-उधर खोजो, मिल जाएगी।
किशोरी की मांं का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह थाने पर गई तो पुलिस ने कहा कि जाओ रिश्तेदार और अन्य जगह तलाश करो, मिल जाएगी। वहां जब नहीं मिलेगी, तब आना तो कार्रवाई की जाएगी। रविवार को थाने पर तहरीर दी।
महिला आरक्षी ने कहा जाओ, कार्रवाई की जाएगी। शाम चार बजे सूचना मिली कि मेढ़वा चौराहे के पास सड़क के किनारे झाड़ियों में बेटी की लाश पड़ी है। उसने आरोप लगाया है कि बेटी के साथ कुछ लोगों ने दुष्कर्म करने के बाद हत्या की है।