संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नेपाल के रास्ते आतंकियों की घुसपैठ की सूचनाएं आने के बाद बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं। नेपाल से जुड़े सीमावर्ती इलाकों में जांच और निगरानी तेज कर दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
बाॅर्डर सुरक्षा से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक कई दिन से बाॅर्डर पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जहां चार जवान थे वहां उनकी संख्या सात से आठ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसी को इनपुट मिला है कि पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ करके नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस सूचना के बाद सुरक्षा को और चौकस करने के लिए अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं, जो 24 घंटे जांच कर रहे हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चार दिन में बड़ी संख्या में जवान बाॅर्डर पर आ रहे हैं। खेत, नदी, नाला हर जगह नजर रखी जा रही है। जांच में इलेक्ट्रॉनिक यंत्र का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती, बहराइच के लिए नहीं लखीमपुर खीरी के महेंद्रनगर तक नेपाल से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई गई है। इसमें कुछ खुफिया विंग लगाई गई हैं जो बोली-भाषा और अन्य वजहों से संदिग्ध दिखने वालों के बारे में जानकारी देंगी।