फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अक्षय तृतीया : निवेश का महापर्व सजेंगी बरातें, आज गूंजेंगी शहनाइयां

Sun, 19 Apr 2026 01:39 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। अक्षय तृतीया इस बार जिले में सिर्फ शादी का सुपर डे नहीं बल्कि निवेश और खरीदारी के महापर्व के रूप में उभर रही है। निर्बाध लग्न के चलते रविवार को 100 से ज्यादा बारातें निकलने का अनुमान है।
विज्ञापन

शहर से लेकर गांव तक होटल, मैरिज हॉल और बैंक्वेट फुल हैं। दूसरी ओर सोना-चांदी, जमीन और वाहन खरीदने के लिए बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। कारोबारियों के अनुसार शादी और निवेश दोनों के एक साथ आने से एक ही दिन में ही 50 करोड़ों रुपये के लेनदेन का अनुमान है।
शहर के लुंबिनी मार्ग स्थित ज्वेलरी मार्केट, कपड़े वाली गली, बेलहिया चौराहे के साथ बांसी, इटवा, डुमरियागंज, शोहरतगढ़ और बढ़नी बाजारों में सुबह से ही रौनक दिखने लगी। दुकानों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर, उपहार और लकी ड्रॉ योजनाएं चलाई जा रही हैं। सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष मिट्ठू लाल कसौधन बताते हैं, अक्षय तृतीया पर खरीदारी परंपरा से जुड़ी है, लेकिन अब इसे निवेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
विज्ञापन

ज्योतिषाचार्य पं. देवस्य मिश्र के अनुसार अक्षय तृतीया ऐसा दुर्लभ पर्व है, जब बिना विशेष मुहूर्त देखे भी विवाह, गृह प्रवेश और खरीदारी शुभ मानी जाती है। ग्रह-नक्षत्र अनुकूल होने से सुबह से देर रात तक शादियों का सिलसिला जारी रहेगा। पं. अजय शास्त्री कहते हैं निर्बाध लग्न के कारण एक ही दिन में असामान्य दबाव बना है, जिसका असर हर सेक्टर पर दिख रहा है।
बाजार के जानकार बताते हैं कि अक्षय तृतीया इस बार जिले में आस्था, कारोबार और सामाजिक उत्सव का संगम बन गई है, जहां एक ओर शादियों की धूम है, वहीं निवेश और खरीदारी ने बाजार को नई ऊंचाई दी है। इस भीड़ और उत्साह के बीच व्यवस्थाओं को संतुलित रखना ही सबसे बड़ी चुनौती है।
बाजार में बूम : सराफा, कपड़ा, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार ग्राहकों से भरे हैं। सोना-चांदी के दाम ऊंचे होने के बावजूद खरीदारी में कमी नहीं आई। ज्वेलरी दुकानों पर छोटे सिक्कों से लेकर भारी आभूषण तक की खरीदारी हो रही है।
कारोबारियों के मुताबिक इस बार मांग सिर्फ शादी तक सीमित नहीं बल्कि निवेश के नजरिए से भी बढ़ी है। अक्षय तृतीया पर जमीन और वाहन खरीदने का चलन भी तेजी से बढ़ा है। प्रॉपर्टी डीलरों के अनुसार कई रजिस्ट्री पहले से तय की गई थीं।
वाहन विक्रेता महेंद्र ने बताया कि ग्राहक इस दिन वाहन लेना शुभ मानते हैं, इसलिए पहले बुकिंग कर आज डिलीवरी ले रहे हैं।
30 प्रतिशत तक महंगी हुई शादी : डुमरियागंज के रमाशंकर मिश्र बताते हैं कि इस बार शादी का खर्च तेजी से बढ़ा है। कैटरिंग 300 से बढ़कर 600-800 रुपये प्रति प्लेट, बैंड/डीजे 15 हजार से 30-40 हजार और डेकोरेशन 20-25 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। डीजल की बढ़ी मांग से जनरेटर का खर्च भी बढ़ा है। कैटरर राजेश गुप्ता कहते हैं कि एक ही दिन में ज्यादा डिमांड होने से रेट बढ़ गए हैं।
जोखिम भी कम नहीं : भीड़भाड़ वाले आयोजनों में फायर सेफ्टी और बिजली शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। देर रात सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। सहायक अग्निशमन अधिकारी नसरुद्दीन खां ने बताया कि विभाग सतर्क है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें