सेवा समाप्ति के निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में रोष
आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की बैठक
निर्णय वापस नहीं होने पर सड़क पर उतरेंगी कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन जिला इकाई की बैठक में 62 वर्ष पूर्ण कर चुकी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करने पर नाराजगी जताई गई। शासन के निर्णय को वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शहर के बुद्धा पार्क में आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 62 वर्ष पूर्ण कर चुकी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका की सेवा समाप्त कराने के लिए शासनादेश जारी किया गया है। कार्यकर्ता राज्य कर्मचारी में नहीं आती इसलिए यह फैसला न्यायसंगत नहीं है। 62 साल आयु पूर्ण होने पर सेवा समाप्त करना उनके साथ विश्वासघात है। प्रदेश संरक्षक मकबूल अहमद ने कहा कि सरकार के इस निर्णय के खिलाफ संगठन आर-पार की लड़ाई करेगा। चेतावनी दी कि अगर समय रहते निर्णय वापस नहीं लिया गया तो सड़क पर उतरने के साथ ही न्यायालय की शरण ली जाएगी। बैठक में सत्या देवी, सत्यावती, प्रतिभा त्रिपाठी, कांती पांडेय, सुशीला देवी, प्रर्मिला, शीला दुबे, जुुबैदा खातून, सविता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।