ढक्कन और नकली क्यूआर कोड लगाकर ठेके पर मिलावटी शराब बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिसके पांच सदस्य रविवार रात ढेबरुआ पुलिस और सर्विलांस टीम के हत्थे चढ़ गए। टीम ने उन्हें क्षेत्र के मुहचोरवा घाट से दबोचा। उनकी निशानदेही पर इटवा क्षेत्र के एक सरकारी शराब के ठेके पर छापा मारकर मिलावटी शराब बरामद की गई। पूछताछ के बाद पांचों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का दावा है कि यह गिरोह काफी समय से इस कार्य में लिप्त था। गिरोह के तार कहां से जुड़े हैं, यह भी जांच की जा रही है। पुलिस लांइस सभागार में सोमवार को एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि अवैध शराब के धंधे को रोकने के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। रविवार रात में ढेबरुआ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नकली शराब बनाकर बेचने का कार्य कर रहे हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए एसओ ढेबरुआ जीवन त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अमित कुमार की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के मुहचोरवा घाट के पास से चेकिंग के दौरान पांच लोगों को पकड़ा।
उनके कब्जे से अवैध शराब व विभिन्न ब्रांड के 7921 ढक्कन बरामद किए गए। उनकी निशानदेही पर इटवा थाना क्षेत्र के विदेशी मदिरा की दुकान पटखौली नंबर एक पर छापा मारा गया, जहां भारी मात्रा में नकली क्यूआर कोड व नकली ढक्कन लगी हुईं शराब की बोतलें मिलीं। एसपी ने शराब पकड़ने वाली टीम को 20 हजार रुपये इनाम दिया है।
पकड़े गए गिरोह के सदस्य
सुरेंद्र चौबे निवासी गौरा पधगोती थाना इटवा, योगेश जायसवाल निवासी राजधाट बर्फखाना थाना राजघाट जनपद गोरखपुर, गोपाल जायसवाल निवासी गौरा बाजार थाना इटावा, विपुल श्रीवास्तव उर्फ जितेंद्र निवासी लाल फरेंदिया थाना महुली जनपद संतकबीर नगर, ध्रुव कुमार गौतम उर्फ अंगद निवासी मधुकरपुर थाना इटवा जनपद के रूप में हुई।