इटवा। इटवा तहसील क्षेत्र के कठेला गर्वी में चकमार्ग पर हुए अवैध कब्जे को रविवार को जेसीबी से बलपूर्वक हटवाया गया। नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में गठित राजस्व टीम ने कठेला समय माता थाने की पुलिस की उपस्थिति में कार्रवाई की। इससे अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है।
नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय के मुताबिक, ग्राम कठेला गर्वी में चकमार्ग से ग्राम निवासी अब्दुल जब्बार ने ईंट की नींव डालकर अवैध कब्जा कर रखा था। इसे हटाने के लिए बार-बार चेतावनी दी गई। लेकिन, अब्दुल जब्बार पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
इसके चलते रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व टीम ने बलपूर्वक अवैध कब्जे को हटवा दिया और भूमि को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी है।
इस मौके पर राजस्व निरीक्षक परमात्मा प्रसाद श्रीवास्तव, लेखपाल रणधीर यादव, जितेंद्र यादव, यशपाल सिंह, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।