बांसी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
बांसी। तहसील मुख्यालय पर अतिक्रमण करने वालों के ऊपर बृहस्पतिवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। उसमें तमाम अतिक्रमण और अवैध कब्जे को ध्वस्त किया गया। ध्वस्त सामग्री को नगर पालिका परिषद भेज दिया गया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि यह अभियान फिर 21 मई को चलेगा। अतिक्रमण हटाए जाने के लिए बुधवार की शाम ही प्रशासन की तरफ से नगर क्षेत्र में घोषणा कर दी गई थी। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटा लिया। हालांकि जिन लोगों ने नहीं हटाया था, सुबह 10 बजे से अभियान के तहत उनके कब्जे हटवाए गए। बस स्टेशन चौराहे से लेकर पुरानी कचहरी चौराहे तक चलाए गए इस अभियान के तहत कई टीनशेड दुकान के बाहर तक किए गए कब्जे को हटवाया गया। नाले पर किए गए स्थायी कब्जा हटवाया गया। अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। 21 मई की सुबह आठ बजे से फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होगा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी देवी गुलाम सिंह, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विंध्याचल सहित थाना कोतवाली और नगरपालिका के जिम्मेदार और कर्मचारी मौजूद थे।