आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। डीएम दीपक मीणा ने खाद्यान्न समेत दैनिक उपयोग में आने वाली आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। उन्होंने वस्तुओं की मूल्य वृद्धि कर मुनाफाखोरी करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए पांचों तहसीलों में टीम गठित की है।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए लोगों के दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं की उचित मूल्य पर ही उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। डीएम ने कहा कि खाद्यान्न समेत प्रतिदिन उपयोग में आने वाली वस्तुओं की कोई भी व्यापारी व दुकानदार जमाखोरी न करे। उन्होंने इन वस्तुओं की जमाखोरी व कालाबाजारी करने के साथ ही मूल्य वृद्धि करके मुनाफा कमाने वाले व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिले के सभी तहसीलों में एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। गठित की गई टीमों को जिले के सभी थोक व फुटकर विक्रेताओं के यहां आवश्यक वस्तुओं के भंडारण की सीमा व उपलब्धता की नियमित जांच कर कार्रवाई करनी होगी।
इन वस्तुओं का नहीं कर सकेंगे जमाखोरी
डीएम ने कहा है कि दैनिक उपयोग में आने वाले आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल, नमक, दूध, चाय, माचिस, रसोई गैस, मिट्टी तेल, पेट्रोल, डीजल, आलू, प्याज व अन्य सब्जियों की जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन वस्तुओं की उचित मूल्य व उचित मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
प्रतिदिन रिपोर्ट करेंगे डीएसओ
डीएम द्वारा गठित की गई तहसील स्तरीय टीमों में नौगढ़ तहसील में स्थानीय मंडी सचिवों के साथ ही आपूर्ति व विपणन विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। नौगढ़ में डीएसओ, शोहरतगढ़ में जिला विपणन अधिकारी टीम में शामिल किए गए हैं। पांचों तहसील की टीमें प्रतिदिन अपनी जांच रिपोर्ट डीएसओ को देंगे, जो इसे आगे भेजेंगे।
मेडिकल स्टोर पर एसडीएम ने मारा छापा
एसडीएम नौगढ़ उमेश चंद्र निगम ने मास्क के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर शहर के मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर उसे निर्धारित मूल्य में ही मास्क आदि जरूरी सामानों की बिक्री करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने शहर के एकमात्र माल को भी तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। रविवार को एक नर्सिंग होम पर भीड़ पाए जाने पर उन्होंने संचालक को चेतावनी देते हुए भीड़ जमा न करने का निर्देश दिया।