भटनी। क्षेत्र के बनकटा शिव गांव में एक वृद्ध की मौत के बाद परिवार में विवाद खड़ा हो गया है। मृतक की बहू ने दो देवरों पर इलाज के बहाने घर बुलाकर जमीन लिखवाने और हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बनकटा शिव गांव निवासी सीताराम तिवारी (90) की शनिवार को मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में उनकी बहू सावित्री देवी ने अपने दो देवरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक सीताराम तिवारी के तीन पुत्र राजेंद्र, शारदा और हृदयानंद हैं। बड़े पुत्र राजेंद्र की मौत के बाद उनकी पत्नी सावित्री देवी अपनी बहू निर्मला के साथ वाराणसी में रहती हैं। कुछ समय पहले तक सीताराम तिवारी भी वहीं रह रहे थे, जबकि शारदा और हृदयानंद गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं।
आरोप है कि दोनों भाई कुछ दिन पहले पिता को गांव ले आए और इस दौरान उनसे धोखे से पूरी संपत्ति अपने नाम करा ली। इसके बाद आठ मार्च को उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मौत की सूचना मिलने पर वाराणसी से पहुंची सावित्री देवी ने देवरों पर ससुर की हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही धोखे से जमीन भी लिखवाने की शिकायत की है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेजने के बाद मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।