तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर कोंहवलिया मोड़ के पास शनिवार दोपहर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक कार का पहिया फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले ली। इस हादसे में बाइक सवार सहित कुल आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बघौचघाट थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी रविंद्र शर्मा, मोइनुद्दीन और रामधारी अपनी कार से देवरिया से लौट रहे थे। उसी समय कंचनपुर की तरफ से बसडीला निवासी गीता, संध्या और आलोक देवरिया अपने निजी कार से देवरिया जा रहे थे तभी कोंहवलिया मोड़ पर उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक कार का पहिया फट गया और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कुशीनगर के रामकोला निवासी मोटरसाइकिल सवार प्रदीप चौधरी व एक महिला को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही तरकुलवा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा भेजा गया। डॉक्टरों ने मोटर साइकिल चालक व महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दो की हालत गंभीर है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।