संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग हादसे का जोन बन चुका है। शायद ही कोई सप्ताह हो जब किसी हादसे में किसी की जान न जाए। हादसे और जान जाने का सिलसिला जारी है, लेकिन न तो सड़क की मिट गई सफेद पट्टी को लगाया जा रहा है, और न ही संकेतक बोर्ड लगाया जा रहा है, जिससे हादसों को रोक जा सके।
स्थानीय लोग कई बार सफेद पट्टी और संकेतक बोर्ड लगाने की मांग कर चुके हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है। शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग बलरामपुर की उतरौला तहसील को जोड़ता है। 22 किलोमीटर दूरी के इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों दो पहिया व चार पहिया वाहनों से लोग गुतरते हैं। लोक निर्माण विभाग इस मार्ग का निर्माण कराने के बाद सड़क पर सफेद व पीली पट्टी लगाने के साथ ही कहीं-कहीं संकेत बोर्ड भी लगाए।समय के साथ सफेद व पीली पट्टी घिस कर हल्की हो चुकी है। जो दिन में सही ढंग से नहीं दिखती। वहीं संकेत बोर्ड भी गायब हो चुके हैं। इसके कारण इस मार्ग पर यात्रा करना लोगों के लिए डेथ जोन बन चुका है।
अब तक इस मार्ग पर सड़क दुर्घटना में जहां आधा दर्जन से अधिक लोगों को असमय अपनी जान गंवानी पड़ी है, वहीं एक दर्जन से अधिक लोग घायल अवस्था में इलाज के बाद दिव्यांग हो चुके हैं।