बरहज/कपरवार। क्षेत्र के कपरवार पश्चिमपुरा स्थित रूद्रपुर मार्ग पर शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और सफारी गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक और साइकिल सवार भी जद में आ गए।
इसमें बाइक सवार एसआई की परीक्षा देकर घर लौट रहे सुरौली थाना क्षेत्र के भेड़ा पाकड़ निवासी सौरभ यादव 25 वर्ष की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और महेन पीएचसी ले जाया गया। जहां तीन की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।
दोपहर करीब दो बजे रुद्रपुर की ओर से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कपरवार आ रही थी। अभी वह फौजी नगर मोड़ के करीब पहुंची थी। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही तेज और अनियंत्रित गाड़ी से टक्कर हो गई। जिसमें ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जबकि जद में आ जाने से मऊ के सलामुद्दीन इंटर काॅलेज से एसआई की परीक्षा देकर बाइक से घर आ रहे भेड़ा पाकड़ निवासी सौरभ यादव उछलकर ट्राॅली में जाकर गिर गए। जबकि गांव के ही उनके साथ बादल मिश्र 24 वर्ष बुरी तरह से घायल हो गए।
वहीं ट्रैक्टर पर सवार लबकनी ईश्वर निवासी नवनीत यादव 40 वर्ष, खोड़ा के अनवर अली 45 और कपरवार निवासी साइकिल सवार राकेश 15 वर्ष घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग जमा हो गए। आनन-फानन में कुछ घायलों को महेन पीएचसी, जबकि 112 नंबर सेवा से सौरभ और बादल को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं बादल, अनवर और राकेश को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। गाड़ियों की जोरदार टक्कर से ट्रैक्टर का अगला पहिया छिटक कर दूर खेत में चला गया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर मौके पर गया था। शव को कब्जे में लेते हुए घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है।